गौतमबुद्धनगर: जेवर एयरपोर्ट लोकार्पण की तैयारी तेज: डीएम ने कसी कमान, सभी विभागों को सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 24 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में लाइजनिंग अधिकारियों, प्रभारी अधिकारियों, इंचार्ज अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मार्ग संचालन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, साइनेज, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और सीसीटीवी मॉनिटरिंग सहित तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल और आगमन-प्रस्थान मार्गों की सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल और पार्किंग क्षेत्रों में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाए। साथ ही खराब वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे यातायात प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बड़े आयोजन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया, जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, वरिष्ठ अधिकारियों और आमजन की बड़ी भागीदारी को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
इसके साथ ही कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सकें और प्रदेश की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी प्राप्त कर सकें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्यक्रम का सफल और सुचारु आयोजन संभव हो सके।
बैठक में ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी सहित जिला प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।।
