गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में खौफनाक साजिश का खुलासा: कार से कुचलकर युवक की हत्या, हादसे का रूप देने की कोशिश नाकाम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को पहले कार से कुचला गया, फिर उसकी हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंककर पूरे मामले को सड़क दुर्घटना दिखाने की साजिश रची गई।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान अमरपाल, अमित कुमार और सनी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त इको कार (UP16EQ4870), हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाना, तीन मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद किया गया है।
पुरानी दुश्मनी ने लिया खौफनाक रूप
जांच में सामने आया कि मृतक अमित उर्फ भोंचू और मुख्य आरोपी अमरपाल के बीच पहले से ही गहरी रंजिश थी। मृतक पर अमरपाल पक्ष द्वारा नाबालिग के साथ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके चलते वह जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया था।
बागेश्वर धाम से लौटते समय बनी हत्या की साजिश
बताया जा रहा है कि 23 मार्च 2026 को तीनों आरोपी मध्यप्रदेश स्थित बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान अमरपाल को सूचना मिली कि मृतक उसके घर के पास देखा गया है। इसके बाद रास्ते में ही तीनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
परीचौक के पास दिया वारदात को अंजाम
25 मार्च को परीचौक के पास जब मृतक अचानक आरोपियों के सामने आया, तो कुछ कहासुनी के बाद वह जान बचाकर भागने लगा। तभी अमरपाल ने तेज रफ्तार कार से उसे कुचल दिया। इसके बाद घायल अवस्था में उसे कार में डालकर लोहे के पाना से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
शव को ठिकाने लगाकर फरार हुए आरोपी
हत्या के बाद तीनों आरोपी शव को ग्राम सफीपुर के पास अंडरपास के समीप श्मशान जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर फेंककर मौके से फरार हो गए, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
तकनीकी जांच से खुला पूरा राज
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, लोकल इंटेलिजेंस और साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- अमरपाल पुत्र भगवान सराय, निवासी जेवर
- अमित कुमार पुत्र जिले सिंह, निवासी बिरोंडा (थाना बीटा-2)
- सनी पुत्र महेन्द्र, निवासी हसनपुर (थाना धौलाना, हापुड़)
बरामदगी
- इको कार (UP16EQ4870)
- लोहे का पाना (आलाकत्ल)
- 03 मोबाइल फोन
- अवैध तमंचा व 01 जिंदा कारतूस
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।।
