रविवार, 29 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: स्किल इंडिया के तहत राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, 36 राज्यों के 650 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: स्किल इंडिया के तहत राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, 36 राज्यों के 650 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 29 मार्च 2026।
दो टूक// देश में कौशल विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से स्किल इंडिया 2025-26 की राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में उत्साह, गरिमा और जोश के साथ किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए लगभग 650 प्रतिभागियों ने 63 विभिन्न ट्रेड्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार पिल्लई के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि स्किलिंग एक सतत प्रक्रिया है, जो निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविकास से निखरती है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस मंच तक पहुंचना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है और सभी प्रतिभागी “स्किल आइकॉन” हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश के युवा ही भारत को वैश्विक स्तर पर “स्किल नेशन” बनाने की क्षमता रखते हैं।

इस अवसर पर एमएसडीई की वरिष्ठ सलाहकार मनीषा शर्मा ने बताया कि भारत वर्तमान में वर्ल्ड स्किल्स रैंकिंग में 13वें स्थान पर है, जबकि एशिया में 8वें स्थान पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग बेहद आवश्यक हो गया है, जिससे युवा भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों की टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को जीवंत कर दिया। इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की प्रतिभागी साधना ने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।

इस भव्य आयोजन में असम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी SEED ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी, गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी के कुलपति आर. पी. सिंह सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में एनएसडीसी के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रशांत सिन्हा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता देश में कौशल विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगी।।