गौतमबुद्धनगर: नोएडा में लूट की वारदात से दहशत: मीडिया कर्मियों को बनाया निशाना, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के बी ब्लॉक के पास बाइक सवार बदमाशों ने निजी चैनल में कार्यरत दो मीडिया कर्मियों को निशाना बनाते हुए उनसे मोबाइल फोन लूट लिए। घटना उस समय हुई जब दोनों पीड़ित ऑफिस से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सेक्टर-63 बी ब्लॉक के पास सुनसान स्थान का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ितों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद थाना सेक्टर-63 पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई। यही नहीं, लूटे गए दोनों मोबाइल फोन की लोकेशन कई बार एक्टिव होने और ट्रेस होने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
मीडिया कर्मियों ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी और संबंधित चौकी इंचार्ज का रवैया बेहद लापरवाह बना हुआ है। शिकायत के बाद भी न तो संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही जांच में कोई प्रगति दिखाई गई। पीड़ितों का कहना है कि बार-बार लोकेशन साझा करने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता समझ से परे है।
इस घटना ने न केवल मीडिया कर्मियों बल्कि आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। सवाल उठ रहा है कि जब मीडिया से जुड़े लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
