गौतमबुद्धनगर: शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा, 3.26 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड नोएडा से गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच थाना साइबर क्राइम कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर 3 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को नोएडा से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह के साथ मिलकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बन्टी कुमार पुत्र कमल देव पोद्दार (उम्र करीब 32 वर्ष), निवासी जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी को 24 मार्च 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में इस्तेमाल हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके गिरोह के सदस्य लोगों को व्हाट्सएप और फोन कॉल के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़े मुनाफे का लालच देते थे। इसके बाद फर्जी प्लेटफॉर्म और खातों के जरिए उनसे मोटी रकम ठग ली जाती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी से जुड़े करीब 60 लाख रुपये का लेन-देन मिला है, जिसके संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज है।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम नोएडा में मुकदमा संख्या 54/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे मामले में अब तक 14 अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिससे यह साफ होता है कि यह एक बड़ा संगठित साइबर गिरोह है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।
साइबर जागरूकता संदेश:
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के निवेश संबंधी ऑफर पर भरोसा न करें। साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सावधान रहें और अपनी बैंकिंग व निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
