गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी मॉल में ‘बीकानेरवाला’ पर सवाल, महिला को परोसा गया बदबूदार डोसा !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी मॉल स्थित Bikanerwala आउटलेट पर खाने की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक महिला ग्राहक को परोसे गए डोसे में इस्तेमाल किए गए आलू से बदबू आने का मामला सामने आया है, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार, महिला ने मॉल में स्थित इस प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में डोसा ऑर्डर किया था। जब उसने खाना शुरू किया तो डोसे के अंदर भरे आलू से तेज बदबू आने लगी। इस पर महिला ने तुरंत आपत्ति जताते हुए रेस्टोरेंट मैनेजर को बुलाया और नाराजगी जाहिर की। महिला ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब लोग अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर अच्छे रेस्टोरेंट में आते हैं, तो उन्हें गुणवत्ता वाला भोजन मिलना चाहिए। उसने यह भी कहा कि “₹100 में तो व्यक्ति सड़क किनारे भी बेहतर खाना खा सकता है।”
घटना के बाद महिला ने मौके पर मौजूद स्टाफ को जमकर फटकार लगाई और खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आने की चर्चा है, जिससे मामला और तूल पकड़ सकता है।
यह मामला बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े और नामी रेस्टोरेंट्स से ऐसी लापरवाही बेहद चिंताजनक है। लोग इन जगहों पर भरोसा और बेहतर गुणवत्ता की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन यदि इसी तरह खराब या मिलावटी खाना परोसा जाएगा तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करेगा? आम जनता की मांग है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा इस तरह के रेस्टोरेंट्स की नियमित जांच की जाए और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।।
