गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘रन फॉर एम्पॉवरमेंट’ का भव्य आयोजन, दीपा मलिक ने दिया महिलाओं को सशक्तिकरण का संदेश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा ‘मिशन शक्ति 5.0’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को नोएडा स्टेडियम परिसर में “रन फॉर एम्पॉवरमेंट” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार तथा पुलिस उपायुक्त महिला एवं बाल सुरक्षा अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति सकारात्मक संदेश देना रहा। इस मौके पर पुलिस विभाग के साथ-साथ विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे स्टेडियम में ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारत की प्रख्यात पैरा ओलंपिक खिलाड़ी एवं पद्मश्री सम्मानित दीपा मलिक रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि चुनौतियां इंसान को रोकने के लिए नहीं, बल्कि उसे मजबूत बनाने के लिए आती हैं। दृढ़ संकल्प के साथ हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, मानसिक रूप से सशक्त रहने और निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। साथ ही समाज में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इस आयोजन में करीब 200 छात्राओं और लगभग 150 महिला पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और बेहतर प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर नगद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुलिस उपायुक्त अनुकृति शर्मा ने अपने संबोधन में ‘मिशन शक्ति 5.0’ के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है।
वहीं अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने इस तरह के आयोजनों को समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला बताते हुए कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
