बुधवार, 25 मार्च 2026

मिशन शक्ति 5.0 को मिली नई मजबूती: गौतमबुद्धनगर में 2 नए पिंक पुलिस बूथ का उद्घाटन, अब कुल संख्या 29 !!

शेयर करें:

मिशन शक्ति 5.0 को मिली नई मजबूती: गौतमबुद्धनगर में 2 नए पिंक पुलिस बूथ का उद्घाटन, अब कुल संख्या 29 !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 25 मार्च 2026। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2 (महागुन मायवुड्स सोसाइटी के पास) तथा राइज चौक क्षेत्र में इको विलेज-1 सोसाइटी के निकट दो नवनिर्मित पिंक पुलिस बूथ का उद्घाटन किया।

इस पहल के साथ ही कमिश्नरेट क्षेत्र में संचालित पिंक बूथों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। ये बूथ विशेष रूप से उन स्थानों पर स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है, ताकि उन्हें तत्काल और सहज पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस पिंक बूथों की खास बात यह है कि यहां केवल महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है, जिससे शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को बिना किसी झिझक अपनी बात रखने का सुरक्षित वातावरण मिल सके। इन बूथों का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सशक्त और जागरूक बनाना भी है।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्हें निसंकोच होकर अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पिंक बूथ महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत माध्यम साबित होंगे। इस अवसर पर बच्चों को बैग, किताबें, पानी की बोतल और टिफिन जैसी अध्ययन सामग्री भी वितरित की गई।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला पुलिसकर्मी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जागरूकता अभियान चला रही हैं। सोसाइटी, स्कूल, कंपनियों, मेट्रो स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।

कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री अजय कुमार, डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा, एडीसीपी श्री आर.के. गौतम, एसीपी द्वितीय सेंट्रल नोएडा श्री पवन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल न केवल सुरक्षा तंत्र को मजबूत करेगी, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति विश्वास और जागरूकता भी बढ़ाएगी।