गौतमबुद्धनगर: 40 साल पुरानी पुलिया धंसी, ट्रक पलटा—बड़ा हादसा टला, प्राधिकरण की लापरवाही बेनकाब!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा के सेक्टर-55 में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मुख्य द्वार (गेट नंबर-5) पर बनी करीब 40 साल पुरानी पुलिया अचानक धंस गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक भारी ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन नोएडा प्राधिकरण ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बुधवार सुबह जैसे ही ट्रक पुलिया से गुजरा, उसका एक टायर धंस गया, जिससे ट्रक पलट गया और अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नोएडा प्राधिकरण की घोर लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया गया होता, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। यह पुलिया सेक्टर के मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, इसके बावजूद प्राधिकरण की अनदेखी साफ तौर पर उजागर हो रही है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल क्षेत्र को अस्थायी रूप से बैरिकेड कर दिया गया है, लेकिन स्थायी समाधान को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं दिखी है।
इस घटना ने एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में पुरानी और जर्जर हो चुकी संरचनाओं की अनदेखी कब तक जारी रहेगी, यह बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र में पुरानी पुलियाओं और सड़कों का सर्वे कर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।।
