बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: विजय सिंह पथिक जयंती को भव्य बनाने की तैयारी, बिरोंडी में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की बैठक — पदाधिकारियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: विजय सिंह पथिक जयंती को भव्य बनाने की तैयारी, बिरोंडी में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की बैठक — पदाधिकारियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा, 11 मार्च 2026।
14 मार्च को मनाई जाने वाली महान क्रांतिकारी एवं किसान नेता विजय सिंह पथिक की जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक ग्राम बिरोंडी में आयोजित की गई। बैठक में समाज के प्रबुद्ध लोगों, युवाओं और ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानित व्यक्ति जलकेस बाबूजी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने प्रभावी ढंग से किया। बैठक के दौरान समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी का ग्रामवासियों द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर और सम्मान की पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रामवासियों ने श्री राधे-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर गांव में उनके आगमन पर आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने युवाओं से शिक्षा और व्यवसाय की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को अपने भविष्य के प्रति सजग रहना होगा। “हमारे पूर्वजों ने जो जमीन-जायदाद हमें सौंपी थी, आज हम उसे बेचकर अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं। हमें शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के माध्यम से अपनी नई पहचान बनानी होगी।” उन्होंने समाज की बहन-बेटियों को भी आगे बढ़कर समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने संबोधन में समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विजय सिंह पथिक जैसे महान क्रांतिकारी ने किसानों और समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर इतिहास रचा था। उनके विचार आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। अशोक भाटी ने सभी लोगों से 14 मार्च को आयोजित होने वाले जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की नई पीढ़ी को अपने महान नेताओं के इतिहास और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।

बैठक के दौरान ग्रामवासियों ने भी एकजुट होकर जयंती समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर रामकेश चपराना, सुभाष भाटी, चरण सिंह भाटी, विपिन तंवर, प्रधान मनोज मावी, गजेंद्र मावी, सतीश मास्टर, रतन सिंह मावी, सूबेदार गोपीचंद, रामरतन भाटी, कालूराम भाटी, उदयवीर बीडीसी, विनोद अधाना, शरदाराम नेताजी, खेमचंद गुर्जर, कर्मवीर मावी, मनोज गुर्जर, अंकुश कसाना, मनवीर मावी, धर्मवीर मावी, प्रमोद भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।।