बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: संस्कार अध्ययन केंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच रिटायर्ड आईएएस रेवा नैय्यर का सम्मान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: संस्कार अध्ययन केंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच रिटायर्ड आईएएस रेवा नैय्यर का सम्मान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा।
नोएडा लोक मंच द्वारा संचालित संस्कार अध्ययन केंद्र, गढ़ी में सोमवार को एक भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली रिटायर्ड आईएएस अधिकारी एवं एस.एल. फाउंडेशन की चेयरपर्सन रेवा नैय्यर का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण उत्साह व प्रेरणा से भर गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुसार गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद बच्चों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् प्रस्तुत कर कार्यक्रम को देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत कर दिया। इसके पश्चात संस्कार अध्ययन केंद्र के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर संस्था की ओर से लीका सक्सेना ने मुख्य अतिथि रेवा नैय्यर का स्वागत करते हुए उन्हें पर्ल (मोती) की माला पहनाकर तथा बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान से अभिभूत रेवा नैय्यर ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जीवन में मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने संस्कार अध्ययन केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। इसी क्रम में उन्होंने विद्यालय की अध्यापिकाओं के मानदेय के लिए सहयोग प्रदान किया तथा लगभग 250 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) में भी आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाटक, मां के स्नेह को दर्शाती भावपूर्ण कविता तथा धर्मों की एकता का संदेश देने वाला नाट्य मंचन भी प्रस्तुत किया गया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी अतिथियों को प्रभावित किया और सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई। अंततः राष्ट्रगान के साथ इस प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हुआ।।