बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: कासना बस स्टैंड पर टप्पेबाजी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, ऑटो, एटीएम कार्ड व नकदी बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कासना बस स्टैंड पर टप्पेबाजी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, ऑटो, एटीएम कार्ड व नकदी बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा, 11 मार्च 2026।
कासना थाना पुलिस ने टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक एटीएम कार्ड तथा 9,420 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लोगों को झांसा देकर बैग बदलने जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार 2 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कासना में शिकायत दर्ज कराई थी कि कासना बस स्टैंड के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने टप्पेबाजी कर उसका बैग बदल लिया। बैग में रखे एटीएम कार्ड का दुरुपयोग करते हुए आरोपियों ने तीन बार में कुल 22 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना कासना में मुकदमा संख्या 41/2026 धारा 303(2) व 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 10 मार्च 2026 को पुलिस ने कस्बा कासना क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज उर्फ तोतला (26 वर्ष) निवासी राधानगर, थाना कोतवाली नगर जिला बुलंदशहर तथा समशेर (48 वर्ष) निवासी सोरहा थाना कलवारी जनपद बस्ती, हाल पता नगला फेस-2 के रूप में हुई है। पुलिस ने पंकज के पास से 2,120 रुपये नकद और बैंक ऑफ बड़ौदा का एक एटीएम कार्ड तथा समशेर के पास से 7,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ऑटो (नंबर यूपी-16 क्यूटी-9823) भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पंकज का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी थाना दादरी में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा उन्होंने अन्य स्थानों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में टप्पेबाजी और धोखाधड़ी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।।