गोण्डा- उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ऋतु शाही का बुधवार को जनपद में आगमन हुआ। उन्होंने सर्किट हाउस में महिला संबंधी जनसुनवाई की और पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 17 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 9 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष 8 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक पीड़िता को न्याय दिलाना प्राथमिकता है।
इसके बाद गांधी पार्क स्थित टाउनहॉल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह में उन्होंने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के माध्यम से ही महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, दर्जीकुंआ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज का भी निरीक्षण किया।
