बुधवार, 18 मार्च 2026

गोण्डा- सरकारी टेण्डर में धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार करने के आरोपी अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार, उनके कार्यालय (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गोण्डा) से किया गया गिरफ्तार

शेयर करें:
गोण्डा- थाना को0 नगर पुलिस ने सरकारी टेण्डर में धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार करने के आरोपी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एमके रावत ने बताया कि थाना को0 नगर पर पंजीकृत मु0अ0सं0-884/25, धारा 318, 352, 351(3) बीएनएस व 7/13 भ्रष्टाचार निवारण अधि0 से सम्बन्धित अभियुक्त विद्याभूषण मिश्रा को उनके कार्यालय (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गोण्डा) से गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 4.11.2025 को न्यायालय विशेष अपर सत्र न्यायाधीश /भ्र0नि0 कोर्ट संख्या-5 गोरखपुर के निर्देश पर थाना को0 नगर में केस दर्ज किया गया था। इसमे वादी मनोज पाण्डे पुत्र राम इन्दर पाण्डे निवासी ग्राम किन्की, थाना मोतीगंज गोण्डा द्वारा बताया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग, गोण्डा में फर्नीचर आपूर्ति हेतु GEM पोर्टल के माध्यम से उनकी फर्म के चयनित होने के बाद उनसे कार्य दिलाने के नाम पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी, DC (GEM) प्रेमशंकर मिश्र एवं DC (Civil) विद्याभूषण मिश्र द्वारा लगभग ₹50 लाख की अवैध रकम की मांग हुई, वादी द्वारा आंशिक रूप से रकम देने के बाद भी शेष रकम हेतु लगातार दबाव बनाया गया तथा भुगतान न करने पर टेंडर निरस्त कराने व फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी दी गई। बाद में प्रार्थी का कुछ धन वापस किया गया, जबकि शेष धनराशि वापस नहीं की गई और प्रार्थी के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया और षड्यंत्रपूर्वक उसका आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न किया गया तथा फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इसमे 18.3.2026 को सीओ नगर द्वारा साक्ष्य संकलन करते हुए विवेचना के दौरान दोषी पाए गए अभियुक्त विद्याभूषण मिश्रा निवासी बरुई थाना कोतवाली देहात जनपद सुल्तानपुर, वर्तमान पता – गायत्री पुरम मानस बिहार कालोनी थाना कोतवाली नगर जनपद गोण्डा, जो कि डीसी निर्माण के पद पर पदस्थापित है को उनके कार्यालय (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गोण्डा) से कोतवाली नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।