गौतमबुद्धनगर: औद्योगिक मंत्री से किसानों की वार्ता की मांग तेज, मीटिंग न होने पर घेराव की चेतावनी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा।
भारतीय किसान यूनियन मंच ने किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर आवाज़ तेज कर दी है। बुधवार को संगठन के पदाधिकारी सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय पहुंचे और मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करूणेश को ज्ञापन सौंपकर औद्योगिक मंत्री से किसानों की सीधी वार्ता कराने की मांग उठाई।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करूणेश ने किसानों को आश्वस्त किया कि गांवों और किसानों से जुड़ी सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण और किसानों के बीच किसी भी प्रकार का गतिरोध नहीं होने दिया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि किसान नोएडा के विकास के साथ-साथ अपने और अपने बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित देखना चाहता है। इसलिए जरूरी है कि किसानों की समस्याओं के समाधान और गांवों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
वहीं, संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि जानकारी मिली है कि माननीय औद्योगिक मंत्री जल्द ही नोएडा प्राधिकरण में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करने वाले हैं। ऐसे में किसानों की भी मंत्री से सीधी वार्ता कराई जाए, ताकि वर्षों से शासन स्तर पर लंबित मुद्दों का समाधान हो सके।
उन्होंने प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाई पावर कमेटी की किसानों के पक्ष में की गई सिफारिशें अब तक लागू नहीं हुई हैं। इसके अलावा 450 से 1000 मीटर आबादी का प्रस्ताव, 18 वर्ष की अविवाहित बेटियों को लीजबैक में शामिल करने का मामला, 10 प्रतिशत प्लॉट और 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा जैसे अहम मुद्दे वर्षों से लंबित हैं।
अशोक चौहान ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की औद्योगिक मंत्री से बैठक नहीं कराई गई, तो प्राधिकरण में प्रस्तावित समीक्षा बैठक का विरोध किया जाएगा और मंत्री का घेराव भी किया जाएगा।
इस दौरान संगठन के संरक्षक प्रमोद त्यागी, सुरेंद्र प्रधान, मुनेश प्रधान, मीनू चौहान, बीर सिंह टाइगर, आशीष चौहान, रिंकू यादव, डीपी चौहान, राजकुमार, सतेंद्र समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
