मथुरा में बवाल: ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद भड़की हिंसा, हाईवे जाम, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा//मथुरा। जनपद मथुरा में चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और करीब 15 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। हालांकि भीड़ का गुस्सा कम नहीं हुआ और कुछ उपद्रवी तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जिससे हालात और बिगड़ गए।
बेकाबू होती स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इस दौरान कई लोग घायल हुए हैं, वहीं कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल बताए जा रहे हैं। मामला मुख्य रूप से कोसी और छाता थाना क्षेत्र का है, जहां तनाव की स्थिति बनी रही।
क्या है पूरा मामला?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्री श्लोक कुमार के अनुसार, घटना 21 मार्च 2026 की देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की है। थाना कोसी क्षेत्र में चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा ने एक वाहन को संदिग्ध मानकर रोका था। उसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर को बाबा ने रोका था, उसमें किराने का सामान भरा हुआ था, जबकि पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक में तार लदा हुआ था। यह ट्रक राजस्थान नंबर का बताया गया है और उसके चालक व परिचालक अलवर (राजस्थान) के निवासी हैं। हादसे में ट्रक भी क्षतिग्रस्त हुआ है और चालक घायल होकर उपचाराधीन है।
गौ तस्करी की अफवाह पर पुलिस का खंडन
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में गौ तस्करी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में यह एक सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही है। बावजूद इसके, कुछ लोगों द्वारा अफवाह फैलाकर माहौल को भड़काने की कोशिश की गई, जिसके चलते यह हिंसक रूप ले बैठा।
जाम खुलवाकर स्थिति पर पाया गया काबू
पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।।
