शनिवार, 21 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: 220 गुम मोबाइल बरामद: नोएडा पुलिस ने 50 लाख के स्मार्टफोन लौटाकर जीता भरोसा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 220 गुम मोबाइल बरामद: नोएडा पुलिस ने 50 लाख के स्मार्टफोन लौटाकर जीता भरोसा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा/नोएडा, 21 मार्च 2026।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए गुम हुए 220 स्मार्टफोन उनके असली मालिकों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है। इन मोबाइल फोनों की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा साद मियां खान के नेतृत्व में, अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त नोएडा जोन के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल एवं थाना सेक्टर-49 सहित विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की।

CEIR पोर्टल और सर्विलांस से मिली सफलता

पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीकों का उपयोग कर इन मोबाइल फोनों को ट्रेस किया। ये फोन अलग-अलग स्थानों—भीड़-भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक परिवहन, पार्कों और धार्मिक स्थलों—पर खो गए थे। संबंधित मामलों में नोएडा जोन के विभिन्न थानों में गुमशुदगी दर्ज थी।

 कहां और कैसे गुम हुए मोबाइल?

जांच में सामने आया कि अधिकतर मोबाइल लापरवाही के कारण खोए, जिनमें प्रमुख कारण रहे—

  • भीड़भाड़ वाले बाजारों और मंडियों में गिरना
  • ऑटो, बस, टैक्सी या मेट्रो में छूट जाना
  • ढीले कपड़ों में रखने से रास्ते में गिरना
  • पार्कों या सार्वजनिक स्थानों पर भूल जाना
  • शादी समारोह और आयोजनों में खो जाना
  • नशे की हालत में असावधानी
  • धार्मिक स्थलों पर लापरवाही
  • बच्चों द्वारा खेलते समय कहीं रख देना

पुलिस की पहल से लौटे मुस्कान

मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की खुलकर सराहना की और भरोसा जताया कि तकनीक और तत्परता के बल पर अब गुम हुए सामान की बरामदगी संभव हो रही है।

 पुलिस की अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।