गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में सजी रंगों की दुनिया: रेणुका आर्ट गैलरी में कलाकार तुषार की चित्रकला प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। शहर के कला प्रेमियों के लिए इन दिनों एक खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है रेणुका आर्ट गैलरी में आयोजित प्रसिद्ध कलाकार तुषार की चित्रकला प्रदर्शनी। कलाधाम में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्ट के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. प्रेम सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कलाकार, कला प्रेमी और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
23 मार्च तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में कलाकार तुषार की हाल ही में निर्मित उत्कृष्ट कृतियों का विशेष संग्रह प्रदर्शित किया गया है। 37 वर्षों से अधिक के समृद्ध अनुभव के साथ तुषार अपनी विशिष्ट कलात्मक शैली के लिए जाने जाते हैं। उनकी कला में प्रकृति की सुंदरता, भारतीय परंपराओं की झलक और मानवीय भावनाओं की गहराई स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्र अपनी सशक्त रचना, जीवंत रंगों और भावनात्मक अभिव्यक्ति के कारण दर्शकों को गहराई से प्रभावित कर रहे हैं। हर कृति में कलाकार की वर्षों की साधना और अनुभव की परिपक्वता झलकती है, जो कला प्रेमियों को एक अनूठा और समृद्ध दृश्य अनुभव प्रदान करती है।
इस आयोजन को देखने के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। कला प्रेमियों और संग्राहकों ने न केवल चित्रों की बारीकियों को सराहा, बल्कि कलाकार तुषार की मेहनत और समर्पण की भी खुलकर प्रशंसा की।
आयोजकों की ओर से आम जनता, कला प्रेमियों और संग्राहकों से अपील की गई है कि वे इस प्रदर्शनी में पहुंचकर भारतीय कला की इस अनूठी प्रस्तुति का अनुभव करें और कलाकार के सृजन संसार से जुड़ें।
