गौतमबुद्धनगर: ईद-उल-फितर पर गौतमबुद्धनगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर|नोएडा आगामी ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में पूरे जनपद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) वाहनों को भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पीएसी बल के साथ-साथ सादे कपड़ों में सिविल पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस की विशेष टीमें 24 घंटे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से पूरे जनपद की गतिविधियों पर सतत निगरानी रख रही हैं।
जनपद के सभी महत्वपूर्ण एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर राजपत्रित अधिकारियों, संबंधित थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को तैनात किया गया है, जो मौके पर मौजूद रहकर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा किए गए इन सुदृढ़ इंतजामों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ईद का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो।
