गौतमबुद्धनगर: ईद को लेकर हाई अलर्ट: नोएडा पुलिस की फ्लैग मार्च जैसी फुट पेट्रोलिंग, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। नोएडा ,आगामी ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी के पर्यवेक्षण में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में एसीपी प्रथम सेन्ट्रल नोएडा श्री उमेश यादव के नेतृत्व में थाना फेस-2 क्षेत्र में सघन फुट पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने इलाके के संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फुट पेट्रोलिंग के दौरान स्थानीय संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित कर पुलिस अधिकारियों ने आगामी ईद पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पहचान के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि ईद के मौके पर जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सभी लोग त्योहार को सुरक्षित और उल्लासपूर्ण माहौल में मना सकें ।।
