बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: जनपद में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: जनपद में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील, गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों को सीसीटीवी चालू रखने के निर्देश

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 11 मार्च 2026।
जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की विपणन व आपूर्ति शाखा के क्षेत्रीय बिक्री अधिकारियों के साथ-साथ पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और अनाधिकृत भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एलपीजी गैस वितरण एजेंसियों के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अनावश्यक हलचल की स्थिति उत्पन्न न करें।

अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार एलपीजी रिफिल बुकिंग की व्यवस्था लागू है। इसके तहत सिंगल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता सिलेंडर डिलीवरी के 25 दिन बाद अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं, जबकि डबल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन के बाद रिफिल बुकिंग करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत यदि किसी व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत स्रोतों या दलालों के माध्यम से एलपीजी सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त अथवा भंडारण किया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसियों के मालिकों को निर्देश दिया कि अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें, सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा स्टाफ और रिपीटेड खरीदारों पर निगरानी बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी की संभावना को रोका जा सके।

जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। उपभोक्ता संबंधित एलपीजी कंपनियों के मोबाइल ऐप या पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं और अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर या हॉकर्स से ही सिलेंडर प्राप्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें।

इस अवसर पर डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, पूर्ति निरीक्षक सहित पेट्रोल पंप एवं एलपीजी गैस सिलेंडर वितरण एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।।