बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: साइबर अपराध पर नकेल कसने को कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय, ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ समन्वय बैठक!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: साइबर अपराध पर नकेल कसने को कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय, ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ समन्वय बैठक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से जनपद में बढ़ते साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में प्रमुख ई-कॉमर्स एवं पेमेंट गेटवे कंपनियों के विधिक और अनुपालन प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक में Zomato Limited, Swiggy Limited, MobiKwik, Flipkart Internet Pvt. Ltd., Ajio सहित कई बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और साइबर धोखाधड़ी के मामलों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।

गोष्ठी के दौरान हाल के समय में सामने आए क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी चोरी या दुरुपयोग किए गए क्रेडिट कार्ड विवरणों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सोने के सिक्के, गिफ्ट कार्ड और प्रीमियम स्मार्टफोन जैसे महंगे सामान की खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और पेमेंट गेटवे कंपनियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें ऑनलाइन मार्केटप्लेस और पेमेंट गेटवे के दुरुपयोग के तरीकों की पहचान, संदिग्ध लेनदेन को शुरुआती स्तर पर रोकने के लिए निवारक तंत्र को मजबूत करना, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा प्रोटोकॉल और फ्रॉड डिटेक्शन सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाना शामिल रहा। साथ ही संदिग्ध लेनदेन की जानकारी समय रहते कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा करने और ऑनलाइन सेवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए जियो-फेंसिंग, उन्नत केवाईसी सत्यापन और व्यवसाय प्रमाणीकरण जैसी व्यवस्थाओं को लागू करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि सूचना साझाकरण तथा समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, ताकि साइबर धोखाधड़ी के मामलों की प्रभावी रोकथाम संभव हो सके।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्रेडिट/डेबिट कार्ड, ओटीपी और अन्य वित्तीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।।