गौतमबुद्धनगर: जेवर एयरपोर्ट लोकार्पण की तैयारियां तेज, डीएम ने किया ग्राउंड निरीक्षण — अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 24 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच व्यवस्था, रैली स्थल, पार्किंग, आमजन एवं वीआईपी/वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स और मुख्य मार्गों पर स्पष्ट साइनेज, सीसीटीवी निगरानी और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, ताकि लोकार्पण कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाया जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कंचन सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
