मंगलवार, 3 मार्च 2026

गोण्डा- होली व रमजान माह के दृष्टिगत एसपी ने शहर क्षेत्र में किया भ्रमण, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु दिए कड़े निर्देश

शेयर करें:
गोण्डा- होली एवं पवित्र रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आज एसपी विनीत जायसवाल ने टीम सहित शहर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके द्वारा नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों तथा मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर ड्यूटीरत पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। उनके द्वारा ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सजगता बनाए रखें, किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक स्टंट, छेड़छाड़ अथवा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी एवं विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कहा गया कि पीआरवी, मोबाइल पुलिस टीम एवं पैदल गश्त निरंतर सक्रिय रहे तथा किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही करें। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि होली/रंगोत्सव एवं रमजान माह के पावन अवसर पर आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं परस्पर सम्मान की भावना के साथ पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर दें। जनपद गोण्डा पुलिस द्वारा पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती, ड्रोन/सीसीटीवी निगरानी, यातायात व्यवस्था का सुदृढ़ प्रबंधन एवं निरंतर गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एसपी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक/आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। साइबर सेल एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को विशेष रूप से सक्रिय रहने हेतु निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एमके रावत, क्षेत्राधिकारी नगर एके राय, प्र0नि0 को0 नगर बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।