मंगलवार, 3 मार्च 2026

होली पर सुरक्षा सख्त: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की तैयारियों का पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने लिया जायजा!!

शेयर करें:

होली पर सुरक्षा सख्त: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की तैयारियों का पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 03 मार्च 2026। होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा जोन एवं सेन्ट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस कमिश्नर ने ग्रेटर नोएडा जोन के थाना दादरी और जारचा क्षेत्र सहित सेन्ट्रल नोएडा जोन के थाना बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

इस दौरान थाना कार्यालय में संभ्रांत नागरिकों एवं स्थानीय लोगों के साथ गोष्ठी आयोजित कर संवाद स्थापित किया गया। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि त्योहार के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा पीआरवी वाहनों के माध्यम से निरंतर गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

उन्होंने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी कड़े निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा श्री शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री सुधीर कुमार, एडीसीपी सेन्ट्रल नोएडा श्री आर.के. गौतम सहित संबंधित एसीपी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।।