मंगलवार, 3 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: इस्कॉन नोएडा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गौर पूर्णिमा महोत्सव, लोकनाथ स्वामी महाराज ने सुनाई गौर कथा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: इस्कॉन नोएडा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गौर पूर्णिमा महोत्सव, लोकनाथ स्वामी महाराज ने सुनाई गौर कथा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। मंगलवार, 3 मार्च 2026 को इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) नोएडा स्थित गोविंद धाम एवं भक्तिवेदांत एकेडमी में गौर पूर्णिमा महोत्सव अत्यंत भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु के आविर्भाव दिवस पर मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा एवं विशेष अलंकरण से सुसज्जित किया गया। भगवान का मनोहारी पुष्प-श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 4:30 बजे मंगल दर्शन के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। इसके पश्चात प्रातः 8:00 बजे परमपूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज, जो ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद के निजी शिष्य एवं इस्कॉन के वरिष्ठ आचार्य हैं, ने गौर कथा पर विशेष प्रवचन दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लगभग 540 वर्ष पूर्व जब कलियुग में अधर्म बढ़ रहा था और धार्मिक आचरण केवल औपचारिकता बनकर रह गया था, तब स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने चैतन्य महाप्रभु के रूप में अवतार लेकर हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से प्रेम, भक्ति और सच्चे धर्म की पुनर्स्थापना की। उन्होंने महाप्रभु की दिव्य लीलाओं का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को उनके उपदेशों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

सायंकाल 7:00 बजे भगवान का पंचगव्य महाभिषेक गाय के दूध, दही, घी, शहद, ताजे फलों के रस एवं नारियल जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। इसके उपरांत भव्य महाआरती आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने सहभागिता कर संकीर्तन किया।

उत्सव में विशेष रूप से इस्कॉन मेलबोर्न के अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध प्रभुजी की उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में श्रद्धालुओं से हरिनाम जप को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया और कहा कि नाम-स्मरण ही वर्तमान समय में शांति और आध्यात्मिक संतुलन का सबसे सरल एवं प्रभावी मार्ग है।

गौर पूर्णिमा और होली के पावन अवसर पर भक्तगण एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए संकीर्तन में लीन रहे। कार्यक्रम के अंत में भगवान को अर्पित भोग को महाप्रसाद के रूप में वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सामूहिक रात्रि प्रसाद का आनंद लिया।

इस प्रकार इस्कॉन नोएडा में आयोजित गौर पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति-भाव के संगम के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने भक्तों के हृदय में आध्यात्मिक ऊर्जा और नवचेतना का संचार किया।।