गौतमबुद्धनगर: किस्त के पैसों के विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की, नोएडा एक्सप्रेस-वे पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की भारी ठोस पिन भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित यमुना डूब क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राकेश कुमार पुत्र गिंदर निवासी जरीफनगर, बदायूं (वर्तमान पता यमुना डूब क्षेत्र, सेक्टर-135 नोएडा) के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और साक्ष्यों के आधार पर 6 मार्च 2026 को आरोपी सतेन्द्र कुमार पुत्र राकेश को छपरौली लेबर चौक, सेक्टर-168 नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की भारी ठोस पिन बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि उसके और उसके पिता के बीच वाहन की किस्त के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। आरोपी के अनुसार 28 फरवरी 2026 की रात गुस्से में आकर उसने लोहे के हुक से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना एक्सप्रेस-वे में मु0अ0सं0 039/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है !!
