गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा शारदा अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप, तीन साल के मासूम की मौत के बाद परिजनों का हंगामा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र में स्थित शारदा अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि छत से गिरकर घायल हुए तीन साल के बच्चे को अस्पताल लाया गया था, लेकिन पैसे जमा न होने के कारण समय पर इलाज नहीं किया गया, जिसके चलते बच्चे की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर कस्बा निवासी गगन (3) अपने घर की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए शारदा अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में पहले पैसे जमा कराने की बात कही गई और इलाज शुरू करने में देरी की गई। इस दौरान बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद अस्पताल में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
वहीं पुलिस का कहना है कि गगन तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हुआ था और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार सूरजपुर कस्बा, थाना सूरजपुर क्षेत्र का रहने वाला है। पूरे मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
