शनिवार, 7 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा एक्सप्रेसवे पर मिली महिला की लाश का खुलासा, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी दबोचा!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा एक्सप्रेसवे पर मिली महिला की लाश का खुलासा, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा।
नोएडा एक्सप्रेसवे क्षेत्र में पंचशील अंडरपास के पास मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर हत्या की इस गुत्थी को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और 3,02,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के पंचशील अंडरपास के पास सर्विस रोड किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और महिला की पहचान कविता उर्फ काव्या पत्नी शंकर निवासी साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना एक्सप्रेसवे में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी अमित खारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। इसी क्रम में पुलिस ने सेक्टर-129 नोएडा से आरोपी विक्की पुत्र मोहनलाल माथुर (34 वर्ष) निवासी गणेश नगर, पांडव नगर कॉम्प्लेक्स थाना मण्डावली, पूर्वी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार DL9CAS4964 और 3,02,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना एक्सप्रेसवे में मु0अ0सं0 041/2026 धारा 103(1)/238(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना एक्सप्रेसवे प्रभारी अमित खारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।।