बुधवार, 18 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: टूर पैकेज के नाम पर ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश, साइबर पुलिस ने शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: टूर पैकेज के नाम पर ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश, साइबर पुलिस ने शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा | 17 मार्च 2026

दो टूक// साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों के बीच थाना साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से आम्रपाली सोसाइटी से दबोचा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदित्य राज (33 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी, थाना बिसरख, गौतमबुद्ध नगर का निवासी है, जबकि मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक एचपी लैपटॉप बरामद किया है।

ऐसे देता था ठगी को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल जैसे प्लेटफॉर्म पर विदेशी टूर पैकेज के आकर्षक विज्ञापन चलाता था। इन विज्ञापनों में सिंगापुर, नेपाल, वियतनाम और यूरोप जैसे देशों की सस्ती और आकर्षक यात्रा का लालच दिया जाता था।

जब कोई व्यक्ति इन विज्ञापनों के माध्यम से संपर्क करता, तो आरोपी उन्हें भरोसे में लेकर “कंफर्म बुकिंग” का झांसा देता और अपने बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करा लेता। इसके बाद वह बुक किए गए टिकटों को कैंसिल कराकर रिफंड खुद ही ले लेता और पीड़ितों से संपर्क तोड़ देता।

12 लाख रुपये की ठगी का खुलासा

पुलिस की जांच में अब तक करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से इस फर्जीवाड़े में सक्रिय था।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कितने लोग जुड़े हुए हैं।

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन टूर पैकेज या किसी भी आकर्षक ऑफर पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।।