बुधवार, 18 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बड़ा हादसा टला: हाजीपुर अंडरपास के पास नाले में गिरी तेज रफ्तार कार, स्टूडेंट सुरक्षित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बड़ा हादसा टला: हाजीपुर अंडरपास के पास नाले में गिरी तेज रफ्तार कार, स्टूडेंट सुरक्षित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब हाजीपुर अंडरपास की सर्विस लेन पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। यह घटना थाना 39 क्षेत्र के अंतर्गत हुई। कार में सवार एक छात्र को मामूली चोटें आईं, जिसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अंडरपास से गुजर रही थी और उसकी गति काफी तेज थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार फिसलते हुए सर्विस लेन से सीधे नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि कार पलटी नहीं, वरना हादसा गंभीर रूप ले सकता था। कार सवार युवक नोएडा की एक निजी यूनिवर्सिटी का छात्र बताया जा रहा है।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया। इस दौरान सर्विस लेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर सामान्य कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से हादसों का खतरा बना रहता है। यदि कार पलट जाती या नाले में पानी अधिक होता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि अंडरपास और सर्विस लेन जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।