गौतमबुद्धनगर: चुनावी खपत के लिए जा रही थी 570 पेटी अवैध शराब, ग्रेटर नोएडा में आबकारी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई में ₹50 लाख की खेप जब्त!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा | चुनावी माहौल के बीच अवैध शराब तस्करी पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लुहारली टोल प्लाजा के पास की गई कार्रवाई में 570 पेटी अवैध शराब से लदा एक ट्रक पकड़ा गया। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹50 लाख आंकी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर मौके पर घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में थर्मोकोल की बोरियों में छिपाकर रखी गई पंजाब मार्किंग वाली शराब बरामद हुई, जिसे चतुराई से छुपाया गया था ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी, जहां आगामी चुनावों में इसकी खपत की आशंका है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और मालिक मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। अधिकारियों का कहना है कि चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें।।
