गौतमबुद्धनगर: 5 साल से फरार आरोपी कश्मीर से गिरफ्तार, फोन हैक कर 40 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी बिलाल गिलानी को उसके कश्मीर स्थित निवास से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में थाना फेस-3 में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पीड़िता ने शिकायत दी थी कि आरोपी ने उसे पुराने मुकदमे को वापस लेने के लिए लगातार धमकाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता का मोबाइल नंबर हैक कर लिया और 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
आरोप है कि पैसे न देने पर उसने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी थी। इस मामले की जांच थाना सेक्टर-58 पुलिस द्वारा की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी होने के साथ ही धारा 82 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कार्रवाई भी की गई थी। लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का विवरण:
बिलाल गिलानी (45 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय नूर मोहम्मद गिलानी, निवासी लाल बाजार, कश्मीर।
आपराधिक इतिहास:
आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और मथुरा में धोखाधड़ी, धमकी, रंगदारी और आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।
