बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए नोएडा में कन्वर्जेंस मीटिंग, विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किया मंथन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए नोएडा में कन्वर्जेंस मीटिंग, विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किया मंथन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 11 मार्च 2026।
दो टूक// आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुँचाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन, नोएडा में एक महत्वपूर्ण कन्वर्जेंस मीटिंग का आयोजन किया गया। यह बैठक आवाहन – द न्यू वॉयस संस्था द्वारा एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित सीएससी मोबाइल वैन पहल के अंतर्गत आयोजित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) श्री शिव प्रताप सिंह परमेश उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए विभागों के बीच समन्वय और सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस तरह की पहलें समाज के जरूरतमंद लोगों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बैठक में जनपद गौतमबुद्ध नगर के कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इनमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप श्रम आयुक्त, उपायुक्त स्वतः श्रम रोजगार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

बैठक के दौरान बताया गया कि आवाहन – द न्यू वॉयस संस्था द्वारा एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से क्षेत्र में सीएससी मोबाइल वैन संचालित की जा रही है। इस मोबाइल वैन का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना तथा नागरिकों को डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से सुविधाएँ प्रदान करना है।

इस पहल के तहत लोगों को ABHA पंजीकरण, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएँ, राशन कार्ड सेवाएँ, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित कई अन्य आवश्यक नागरिक सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। संस्था द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार 15 जुलाई 2025 से अब तक 5118 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहायता प्रदान की जा चुकी है, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कन्वर्जेंस बैठकें विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करती हैं, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुँचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में एचसीएल फाउंडेशन की ओर से सुश्री अंशु उपस्थित रहीं। वहीं आवाहन – द न्यू वॉयस संस्था की ओर से डॉ. रंजना सिंह (सचिव) के साथ अजहर, नीलम और पूनम ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

बैठक के अंत में सभी विभागों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी समन्वय और सहयोग के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए संयुक्त प्रयास जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।