गौतमबुद्धनगर: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, आधा दर्जन से अधिक स्कूल खाली कराए गए, पुलिस जांच तेज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 24 मार्च 2026:
दो टूक// नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फादर एंजल स्कूल समेत आधा दर्जन से अधिक निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देरी किए एहतियातन सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी।
अचानक छुट्टी की सूचना मिलते ही अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में परिजन अपने बच्चों को लेने स्कूलों की ओर दौड़ पड़े। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसरों को तत्काल खाली कराया गया।
सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में आने वाले सभी प्रभावित स्कूलों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से स्कूलों के हर कोने की बारीकी से जांच की गई।
हालांकि, प्रारंभिक जांच में किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे कुछ हद तक राहत मिली है। इसके बावजूद पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से मजबूत रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। ईमेल की ट्रेसिंग की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नोएडा और आसपास के इलाकों में स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुटी हुई है !!
