मंगलवार, 24 मार्च 2026

मिशन शक्ति 5.0 का आगाज़: गौतमबुद्धनगर में महिला पुलिस की भव्य स्कूटी रैली, सुरक्षा-सशक्तिकरण का दिया मजबूत संदेश!!

शेयर करें:

मिशन शक्ति 5.0 का आगाज़: गौतमबुद्धनगर में महिला पुलिस की भव्य स्कूटी रैली, सुरक्षा-सशक्तिकरण का दिया मजबूत संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 24 मार्च 2026।
दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को नई गति देते हुए ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में महिला पुलिस इकाई द्वारा एक आकर्षक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया, जिसे स्वयं पुलिस आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा एवं एसीपी-2 नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ शहर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण कर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

रैली की खास बात यह रही कि इसमें ‘स्वयं सिद्धा’ मोबाइल, एंटी रोमियो स्क्वाड, पीआरवी वाहन और पिंक बूथ की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं। इन झांकियों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षा सेवाओं की जानकारी पहुंच सके।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मिशन शक्ति अभियान, महिला सुरक्षा जागरूकता, बाल सुरक्षा कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेज आउटरीच और साइबर सुरक्षा अभियानों को लगातार संचालित किया जा रहा है। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र एवं वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श और सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार की कन्या सुमंगला योजना, मिशन वात्सल्य और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का भी इस दौरान उल्लेख किया गया, जो महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बना रही हैं।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ महिलाओं और बच्चों के प्रति सुरक्षा व सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय भागीदारी इस दिशा में एक मजबूत संदेश है कि पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।

यह स्कूटी रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और सशक्तिकरण का व्यापक जनअभियान बनकर उभरी, जिसने “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।