सोमवार, 23 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: दर्दनाक हादसा: ईद मनाने आई 11 वर्षीय बच्ची को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर मौत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दर्दनाक हादसा: ईद मनाने आई 11 वर्षीय बच्ची को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के अलीवर्दीपुर गांव में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ईद का त्योहार मनाने अपनी मौसी के घर आई 11 वर्षीय मासूम बच्ची अल्फिया की अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:45 बजे की है, जब अल्फिया गली में अन्य बच्चों के साथ चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने अचानक संतुलन खो दिया और बच्ची को रौंदते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अल्फिया ईद का त्योहार मनाने के लिए अपने परिवार से मिलने यहां आई थी, लेकिन खुशियों का यह मौका पलभर में मातम में बदल गया।

इस हृदयविदारक हादसे की पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और लापरवाही साफ देखी जा सकती है।

सूचना मिलते ही थाना इकोटेक-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी गलियों में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।।