गौतमबुद्धनगर: हिन्दी नववर्ष पर सांस्कृतिक समागम: नोएडा मीडिया क्लब में होली, ईद और नवरात्रि का संगम, एकता-सौहार्द का भव्य संदेश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए नोएडा मीडिया क्लब द्वारा रविवार को “हिन्दी नववर्ष उत्सव” का भव्य, गरिमामयी और उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। होली, ईद और नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहारों के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति की “विविधता में एकता” की भावना को साकार रूप में प्रस्तुत किया। आयोजन क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें मीडिया क्लब की कार्यकारिणी, संरक्षक मंडल, वरिष्ठ पत्रकारों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही वातावरण उत्साह, भक्ति और आपसी भाईचारे से सराबोर रहा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायिका बबीता शर्मा ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और नवरात्रि के आध्यात्मिक माहौल को और भी प्रगाढ़ बना दिया।नवरात्रि के पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए आयोजकों द्वारा विशेष रूप से फलाहार की व्यवस्था की गई थी। अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के लिए फल, जूस एवं अन्य फलाहारी व्यंजनों की समुचित व्यवस्था रही, जिसे सभी ने श्रद्धा और प्रसन्नता के साथ ग्रहण किया। यह पहल आयोजन को धार्मिक संवेदनशीलता और परंपराओं से जोड़ने वाली रही।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक बम्ब ढोल की थाप पर लोगों ने जमकर आनंद उठाया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उपस्थित लोग झूम उठे और उत्सव का माहौल और भी जीवंत हो गया। वहीं होली के रंगों को सादगी और प्रेम के साथ व्यक्त करते हुए सभी ने एक-दूसरे पर फूलों की बरसात कर होली का उत्सव मनाया। इस अनूठे अंदाज ने कार्यक्रम में सौहार्द, सम्मान और भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, प्रेम और आपसी सम्मान को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग जब एक साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं, तो वह देश की सामाजिक मजबूती का प्रतीक बनता है।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों एवं सम्मानित नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने यह दर्शाया कि समाज के हर वर्ग के लोग एक मंच पर आकर एकता और सद्भाव का संदेश दे सकते हैं। सभी ने मिलकर हिन्दी नववर्ष के अवसर पर सामाजिक समरसता, सहयोग और भाईचारे को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अंत में कार्यक्रम का समापन आपसी मिलन, संवाद और जलपान के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी अतिथियों ने एक-दूसरे को हिन्दी नववर्ष, होली, ईद और नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक उत्सव रहा, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायक और सकारात्मक पहल के रूप में भी यादगार बन गया।
