रविवार, 22 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: समस्याओं के समाधान को लेकर भाकियू सख्त: समीक्षा बैठक में गरजे किसान नेता, पंचायत की दी चेतावनी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: समस्याओं के समाधान को लेकर भाकियू सख्त: समीक्षा बैठक में गरजे किसान नेता, पंचायत की दी चेतावनी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 22 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा सलारपुर स्थित भाकियू जिला कार्यालय में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक की अगुवाई जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने की, जबकि अध्यक्षता संजय फौजी और संचालन रविंद्र भगत द्वारा किया गया।

बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण, विद्युत विभाग तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित कई प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा गांवों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, बिजली व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी को लेकर गहरा असंतोष देखने को मिला।

विशेष रूप से सलारपुर में प्रस्तावित बारात घर का निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने पर ग्रामवासियों ने नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यह मांग लंबित है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाकियू किसानों और ग्रामीणों के हकों के लिए सदैव संघर्षरत रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो संगठन को मजबूरन नोएडा प्राधिकरण पर पंचायत आयोजित करनी पड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने अपने संबोधन में संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाकियू हमेशा किसानों के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी किसी भी स्तर पर आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी।

वहीं, जिला सचिव सचिन अवाना ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को चिन्हित करें और उन्हें संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाएं, ताकि हर पीड़ित किसान को न्याय मिल सके।

बैठक में महानगर अध्यक्ष श्रीपाल कसाना, विपिन तंवर, नवल प्रधान, जोगिंदर भड़ाना, सिंहराज गुर्जर, रामवीर हवलदार, संदीप अवाना, हिमांशु चपराना, अशोक डेढ़ा, मनित नागर, राकेश अवाना, भिखारी लाल गुर्जर, अनिल अवाना, सतपाल अवाना, लीलू बेसोया, संचित चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भाकियू व्यापक स्तर पर आंदोलन और पंचायत कर प्रशासन को जगाने का कार्य करेगी।।