रविवार, 22 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: 28 मार्च को होगा ऐतिहासिक लोकार्पण: मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट तैयारियों का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 28 मार्च को होगा ऐतिहासिक लोकार्पण: मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट तैयारियों का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 22 मार्च 2026

दो टूक// ग्रेटर नोएडा आगामी 28 मार्च को प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एविएशन प्रोजेक्ट्स में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के भव्य लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जेवर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।

बताया गया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को एयरपोर्ट, कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे तथा एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी ताकत से तैयारियों में जुटा है।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग एरिया, वीवीआईपी मूवमेंट रूट, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उच्च मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट परिसर स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, जनसमूह प्रबंधन और कार्यक्रम संचालन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और हर जिम्मेदारी तय समयसीमा में पूरी करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया और आम जनता की उपस्थिति को देखते हुए व्यवस्थाएं पूरी तरह सुव्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं और साइनेज जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को समय से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, प्रशासनिक स्टाफ और वालंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को चार स्तरीय (4-लेयर) बनाए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

बैठक में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इस ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है और प्रशासन इसे सफल बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।।