रविवार, 22 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: 6 वर्षीय मासूम को सकुशल मिलाया परिवार से, सेक्टर-113 पुलिस की तत्परता ने जीता दिल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 6 वर्षीय मासूम को सकुशल मिलाया परिवार से, सेक्टर-113 पुलिस की तत्परता ने जीता दिल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 22 मार्च 2026।
दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मानवता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए गुम हुए 6 वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर एक सराहनीय कार्य किया है। इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सरफाबाद इलाके में गश्त के दौरान एंटी रोमियो टीम को एक करीब 6 वर्षीय बच्चा अकेला भटकता हुआ मिला। बच्चा इतना छोटा था कि वह अपना नाम और पता तक स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था, जिससे उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस टीम बच्चे को तुरंत थाना सेक्टर-113 लेकर आई और उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए तेजी से प्रयास शुरू किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बच्चे के बारे में जानकारी जुटाई।

काफी प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस टीम ने बच्चे के परिजनों का पता लगाने में सफलता हासिल की। इसके बाद बच्चे को पूरी तरह सुरक्षित हालत में उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभा रही है।।