गोंडा- यक्ष एप की सहायता से थाना वजीरगंज पुलिस ने चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल को बरामद किया है। इस मामले में बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि थाना वजीरगंज पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक “यक्ष एप” का प्रभावी उपयोग करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इस मामले में थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा घटना के अनावरण हेतु पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ डिजिटल पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए यक्ष एप का सहारा लिया गया। यक्ष एप के माध्यम से घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सटीक लोकेशन चिन्हित की गई। विभिन्न स्थानों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर एप के माध्यम से उनका विश्लेषण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों की फोटो निकालकर यक्ष एप में अपलोड की गई। यक्ष एप के माध्यम से सर्किल के वाहन चोरों की सूची का अवलोकन कर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई।
प्राप्त इनपुट के आधार पर अभियुक्त की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी गई। इस क्रम में मात्र 2 दिनों के भीतर ही बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण-
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वादी अजय यादव पुत्र राम औतार, निवासी ग्राम लक्ष्मनपुर, चन्दापुर थाना वजीरगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना वजीरगंज पर तहरीर दी गयी कि वह वजीरगंज बाजार स्थित एक क्लीनिक पर कार्य करते हैं। बीते 18 मार्च को वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल को क्लीनिक के पास खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए। वापस आने पर उक्त मोटरसाइकिल चोरी पाई गई। काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का पता नहीं चल सका। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना वजीरगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान यक्ष एप के माध्यम से सीसीटीवी नेटवर्क को ट्रेस कर फुटेज का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया, जिससे संदिग्ध की पहचान संभव हो सकी। इस मामले में वजीरगंज पुलिस द्वारा 20 मार्च को वाहन चेकिंग के दौरान बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर थाना वजीरगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही करते हुए बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड, गोण्डा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पूछताछ का विवरण-
पुलिस पूछताछ में बाल अपचारी द्वारा बताया गया कि वह 18.3.2026 को अपने घर से सवारी से कस्बा वजीरगंज आया था। इसी दौरान उसने एक बुलेट मोटरसाइकिल को, जिसमें चाभी लगी हुई थी, अस्पताल के पास एक दुकान के सामने खड़ी देखी। इधर-उधर देखकर मौका पाकर उसने उक्त मोटरसाइकिल को चोरी कर लिया तथा अपने घर के पास अरहर के खेत में छिपा दिया। दिनांक 20.3.2026 को वह उक्त मोटरसाइकिल को बेचने के उद्देश्य से नेपाल ले जाने के लिए जा रहा था तभी पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया।
पंजीकृत अभियोग-
मु0अ0सं0 104/2026 धारा 303(2) बीएनएस थाना वजीरगंज जनपद गोण्डा।
बाल अपचारी का आपराधिक इतिहास-
01. मु0अ0सं0 254/2025 धारा 303(2) बीएनएस थाना नवाबगंज, गोण्डा।
02. मु0अ0सं0 399/2024 धारा 9 आर्म्स एक्ट थाना तरबगंज, गोण्डा।
03. मु0अ0सं0 211/2025 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस थाना तरबगंज, गोण्डा।
