शनिवार, 21 मार्च 2026

मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर महिलाओं को किया सशक्त!!

शेयर करें:

 मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर महिलाओं को किया सशक्त!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा/नोएडा।
दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत लगातार व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मिशन शक्ति टीम ने स्कूलों, कॉलेजों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

यह अभियान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है।

अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति 5.0’ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, बाल विवाह निषेध कानून, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इसके अतिरिक्त टीम द्वारा पम्पलेट वितरण के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। इनमें डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और वन स्टॉप सेंटर-181 जैसी सेवाएं शामिल हैं। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे बिना झिझक इन सेवाओं का उपयोग करें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

पुलिस अधिकारियों ने संवाद के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

गौरतलब है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिलाओं के प्रति सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। लगातार हो रहे ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपने अधिकारों को लेकर अधिक सजग हो रही हैं।।