गौतमबुद्धनगर: पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए भाकियू का सूरजपुर थाने पर जोरदार प्रदर्शन, न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रेटर नोएडा, 12 मार्च 2026।
दो टूक// ग्रेटर नोएडा पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को थाना सूरजपुर पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई और चेतावनी दी कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार सलारपुर निवासी हरिकिशन भगत की पुत्री संगीता की शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व यतेंद्र नागर पुत्र बाबू नागर निवासी लकलावानी के साथ हुई थी। दंपत्ति का एक 14 वर्षीय विकलांग बेटा है। बताया गया कि बेटे की तबीयत खराब होने के कारण उसे न्यू हॉस्पिटल, बरौला सेक्टर-49 में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को तबीयत में सुधार होने के बाद जब संगीता अपने बेटे को अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर लेकर पहुंची तो आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता ने इसकी सूचना अपने मायके पक्ष को दी। जब मायके से परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी कथित तौर पर बदतमीजी की गई और मारपीट के लिए उनके पीछे दौड़ाया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी, जिसके बाद मामला थाना सूरजपुर पहुंचा।
पीड़िता का आरोप है कि थाने में भी पुलिस द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जबरन बैठाकर रखा गया। दिनभर न्याय के लिए भटकने के बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने भारतीय किसान यूनियन से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही भाकियू के एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना के नेतृत्व में संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, संजय फौजी, नवल प्रधान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाना सूरजपुर पहुंच गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
भाकियू के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों और पीड़ित लोगों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी महिला या कमजोर व्यक्ति के साथ अन्याय होता है तो भारतीय किसान यूनियन चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा समाज के कमजोर और पीड़ित वर्ग के साथ खड़ी रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मामले की जानकारी मिलते ही एसीपी राजीव कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, लेकिन भाकियू पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।।
