गौतमबुद्धनगर: फर्जी फर्मों के जरिए 1.74 करोड़ की जीएसटी चोरी का खुलासा, गिरोह का वांछित सदस्य गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने जीएसटी चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस और सीआरटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी कंपनियां बनाकर करीब 1 करोड़ 74 लाख 11 हजार 987 रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक टैबलेट, दो फर्जी आधार कार्ड और फर्जी कंपनियों के पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को थाना सेक्टर-58 नोएडा पुलिस और सीआरटी टीम ने स्थानीय खुफिया सूचना तथा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए रोहन गुप्ता को सेक्टर-62 स्थित छोटा डी पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी पर फर्जी फर्मों के माध्यम से जीएसटी विभाग को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
फर्जी कंपनियों के जरिए किया गया करोड़ों का फर्जी आईटीसी क्लेम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मैसर्स के.एस. इंटरप्राइजेज के नाम से जीएसटी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर आलम इंटरप्राइजेज, के.एस. इंटरप्राइजेज, सीपी ट्रेडर्स और ट्रेडियोग्राफी जैसी कई फर्जी फर्में तैयार की गईं। इन फर्मों के माध्यम से वर्ष 2024-25 के दौरान बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त के कागजों में लेन-देन दिखाकर करीब 1.74 करोड़ रुपये का बोगस आईजीएसटी क्लेम कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने एक फर्म से दूसरी फर्म के बीच कागजी लेन-देन दिखाकर फर्जी इनवॉइस और बोगस इनवर्ड-आउटवर्ड सप्लाई का जाल तैयार किया। इसके आधार पर जीएसटी विभाग से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का फर्जी लाभ लिया जाता था। वास्तविक रूप से किसी प्रकार की वस्तु या सेवा की आपूर्ति नहीं की जाती थी, बल्कि केवल दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का क्लेम किया गया।
राज्यकर अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में राज्यकर अधिकारी, खंड-9 नोएडा की शिकायत पर 25 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा गहन विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सदस्य की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनियों को जीएसटी में पंजीकृत कराते थे और बाद में फर्जी सप्लाई दिखाकर आईटीसी क्लेम कर लेते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- रोहन गुप्ता, पुत्र राकेश गुप्ता
- निवासी: तुगलकाबाद एक्सटेंशन, थाना गोविंदपुरी, नई दिल्ली
- उम्र: लगभग 25 वर्ष
बरामदगी
- एक आईफोन मोबाइल
- एक टैबलेट
- दो फर्जी आधार कार्ड
- फर्जी कंपनी रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज
दर्ज मुकदमा
थाना सेक्टर-58 नोएडा में मु.अ.सं. 387/2025 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जीएसटी चोरी और आर्थिक अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस तरह के संगठित गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
