शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: सीएम युवा योजना की समीक्षा: बैंकों को लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण तेज करने के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सीएम युवा योजना की समीक्षा: बैंकों को लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण तेज करने के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 12 मार्च 2026।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से ऋण स्वीकृति व वितरण की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया। अधिकारियों ने योजना के तहत अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा योजना का उद्देश्य जनपद के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, जिसके तहत पात्र युवाओं को बैंक ऋण के माध्यम से अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों के सहयोग से ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया निरंतर संचालित की जा रही है, जिससे युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ बैंकों की प्रगति निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले अपेक्षाकृत कम है। इस पर उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैंक अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाएं और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि योजना से संबंधित सभी आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को समय पर आर्थिक सहायता मिलती है तो वे अपने व्यवसाय को शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं, जिससे जनपद में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।

बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश सिंह कटारिया सहित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।