शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की मीटर फैक्ट्री में लगी आग: घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, बेहतर इलाज के दिए निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की मीटर फैक्ट्री में लगी आग: घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, बेहतर इलाज के दिए निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 12 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा के सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली एक कंपनी में लगी आग की घटना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। आग की घटना में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के लिए जिलाधिकारी ने सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती सभी घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लेते हुए उपस्थित चिकित्सकों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का उपचार पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल में किसी प्रकार की असुविधा न हो और आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी करती रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को यह भी निर्देशित किया कि घायलों के उपचार से संबंधित सभी जानकारियां समय-समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उपचार की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों की स्थिति के बारे में उनके परिजनों को भी नियमित रूप से जानकारी दी जाए, जिससे परिवारजनों को किसी प्रकार की परेशानी या अनिश्चितता का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के समुचित और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है तथा प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय राणा, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा अस्पताल के अन्य चिकित्सक भी उपस्थित रहे।।