शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर में एलपीजी कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन सख्त, संयुक्त टीमों का सघन जांच अभियान!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में एलपीजी कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन सख्त, संयुक्त टीमों का सघन जांच अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दादरी क्षेत्र में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की जांच, कई अनियमितताएं मिलीं; कार्रवाई के निर्देश

गौतमबुद्धनगर, 12 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद में एलपीजी गैस के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग तथा पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बांट माप विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों का गठन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच की जा रही है।

इसी क्रम में विगत दिवस गठित टीमों ने तहसील दादरी क्षेत्र में कई गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मै० प्रधान मान सिंह भारत गैस, दादरी इंडेन सेवा तथा मै० सचिन भारत गैस ग्रामीण वितरक चिटहेरा गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी एजेंसियों पर एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई और उपभोक्ताओं को गैस वितरण की व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही थी। साथ ही एजेंसियों पर पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) और वेट एवं मेजरमेंट से संबंधित आवश्यक लाइसेंस भी अद्यतन पाए गए।

इसके अतिरिक्त जांच टीम ने दादरी स्थित पेट्रोल पंप मै० सतीश चन्द्र गोयल एण्ड कंपनी का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि पेट्रोल पंप पर पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) की अनुज्ञप्ति केवल 31 दिसम्बर 2025 तक ही वैध थी और इसके नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी। इतना ही नहीं, निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि पेट्रोल पंप पर शासन के “नो हेलमेट, नो फ्यूल” निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को भी पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा था।

टीम द्वारा पाई गई इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ऑयल कंपनी के अधिकारी को पेट्रोल पंप के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में एलपीजी गैस के दुरुपयोग, कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग तथा पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए समय-समय पर संयुक्त टीमों द्वारा जांच अभियान चलाया जाता रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से गैस एवं पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद में एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा न मिल सके। इसके लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए नियमित निरीक्षण और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।।