बुधवार, 4 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: होली पर सुरक्षा का सख्त पहरा: एडीसीपी मनीषा सिंह का एक्सप्रेसवे क्षेत्र में निरीक्षण, कोतवाल अमित खारी की अगुवाई में चाक-चौबंद इंतजाम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: होली पर सुरक्षा का सख्त पहरा: एडीसीपी मनीषा सिंह का एक्सप्रेसवे क्षेत्र में निरीक्षण, कोतवाल अमित खारी की अगुवाई में चाक-चौबंद इंतजाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। होली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देशन एवं डीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में मनीषा सिंह (एडीसीपी नोएडा) द्वारा नोएडा जोन के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में स्थानीय पुलिस बल के साथ व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों तथा आवासीय इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को होली के मद्देनजर कुशल यातायात व्यवस्था बनाए रखने, प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

इस दौरान थाना एक्सप्रेसवे प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) अमित खारी की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कोतवाल अमित खारी ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पूर्व से ही व्यापक तैयारियां कर रखी हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

कोतवाल अमित खारी की कार्यशैली अनुशासित, तत्पर और जनसहभागिता पर आधारित मानी जाती है। स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए थाना स्तर पर कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा पुलिस टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नोएडा पुलिस का लक्ष्य है कि त्योहार के दौरान शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहे और नागरिक सुरक्षित वातावरण में पर्व का आनंद उठा सकें।।