गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ईमानदारी की मिसाल: वेंडर जोन सेक्टर-126 के दुकानदार ने लौटाया मिला हुआ मोबाइल, पुलिस को किया सुपुर्द!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। आज के दौर में जहां अक्सर खोया हुआ सामान मिलना मुश्किल हो जाता है, वहीं नोएडा के सेक्टर-126 वेंडर जोन से ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। यहां एक दुकानदार ने अपनी सच्चाई और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति का खोया हुआ मोबाइल फोन पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मामला थाना सेक्टर-126 क्षेत्र का है। सेक्टर-126 स्थित एचसीएल के पास वेंडर जोन में दुकान चलाने वाले जितेंद्र धामा, निवासी ग्राम बख्तावरपुर (सेक्टर-127), को उनकी दुकान पर एक मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिला। बताया जा रहा है कि कोई ग्राहक या राहगीर जल्दबाजी में फोन वहीं छोड़कर चला गया था।
दुकानदार जितेंद्र धामा ने मानवता और ईमानदारी का परिचय देते हुए पूरे दिन इंतजार किया कि शायद फोन का मालिक वापस आकर उसे ले जाए। लेकिन रात तक कोई भी व्यक्ति फोन लेने नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने स्वयं पहल करते हुए मोबाइल फोन को सुरक्षित तरीके से सेक्टर-126 चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया, ताकि फोन उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा सके।
जितेंद्र धामा का यह कदम समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि आज भी ईमानदारी जिंदा है। जहां लोग छोटी-छोटी चीजों के लिए भी लालच में आ जाते हैं, वहीं उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के फोन पुलिस को सौंपकर एक मिसाल कायम की है।
स्थानीय लोगों ने भी उनके इस कार्य की सराहना की है और कहा कि ऐसे लोग समाज की साख को मजबूत करते हैं। पुलिस द्वारा भी फोन को सुरक्षित रखकर उसके मालिक की तलाश की जा रही है।
निश्चित रूप से, जितेंद्र धामा जैसे ईमानदार नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो यह साबित करते हैं कि सच्चाई और नैतिकता आज भी जीवित हैं।।
